20261015_151635-COLLAGE

अस्पताल के बाहर प्रसव,नवजात की मौत पर दो निलंबित; स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र साहू ने सरकार पर साधा निशाना

सूरजपुर/रामानुजनगर। गणेशपुर स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान नवजात की मौत और प्रसूता की गंभीर हालत का मामला सामने आने के बाद आखिरकार स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। खबर वायरल होने के बाद विभाग ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी राजेश पटेल और द्वितीय एएनएम प्रमिला गिरी को जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

रात में बंद मिला अस्पताल, परिसर के सामने हुआ प्रसव

मामला 14 अक्टूबर की रात का है। ग्राम गणेशपुर निवासी अनिल कुमार सारथी अपनी गर्भवती पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगा था और डॉक्टर व नर्स मौजूद नहीं थे। काफी देर तक मदद नहीं मिलने के बीच महिला ने अस्पताल के सामने ही बच्चे को जन्म दिया। इस दौरान नवजात की मौत हो गई, जबकि अधिक रक्तस्राव के कारण प्रसूता बेहोश हो गई। बाद में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।

विभाग ने दो कर्मचारियों पर की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सूरजपुर द्वारा जारी आदेशों में ग्रामीण चिकित्सा सहायक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी राजेश पटेल तथा द्वितीय एएनएम प्रमिला गिरी को निलंबित किया गया है। आदेश के अनुसार, जांच दल का प्रतिवेदन प्राप्त होने तक निलंबन प्रभावी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य केंद्रों में रात्रिकालीन ड्यूटी और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था पर बहस तेज हो गई है।

कांग्रेस ने सरकार को घेरा, पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का ऐलान

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामानुजनगर के अध्यक्ष महेंद्र साहू ने प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की बात कहते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि आपात स्थिति में भी गर्भवती महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलती, तो यह व्यवस्था की गंभीर विफलता है।

सवाल अब भी बरकरार—क्या सिर्फ निलंबन से सुधरेगी व्यवस्था?

दो कर्मचारियों के निलंबन के बाद भी सबसे बड़ा सवाल यही है कि रात के समय स्वास्थ्य केंद्र में ताला क्यों लगा था और ड्यूटी पर जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद क्यों नहीं थे? क्या जांच में सभी जिम्मेदारों की भूमिका तय होगी और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे? अब स्वास्थ्य विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!