20261108_110157-COLLAGE

ब्रेड बेचने निकला युवक पांच दिन बाद जंगल में मिला मृत, लकड़हारे की सूचना से मचा हड़कंप

सूरजपुर जिले के जरही क्षेत्र में ब्रेड बेचने का काम करने वाले बिहार के औरंगाबाद निवासी 30 वर्षीय युवक शैलेंद्र कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। एक नवंबर को ब्रेड बेचने घर से निकला युवक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। पांच दिन बाद 6 नवंबर को सरासोर क्षेत्र में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र कुमार जरही में रहकर ब्रेड बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि एक नवंबर की सुबह करीब 7 बजे वह रोज की तरह ब्रेड बेचने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद परिजनों और परिचितों ने उसकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान पता चला कि शैलेंद्र अपने मित्र कामेश्वर विश्वकर्मा के यहां गया था। वहां जानकारी मिली कि वह कामेश्वर और अन्य मित्रों के साथ सरासोर गया हुआ था। इसके बाद उसकी तलाश लगातार जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

इसी बीच 6 नवंबर को सरासोर क्षेत्र में लकड़ी काटने पहुंचे एक लकड़हारे की नजर जंगल में पड़े शव पर पड़ी। उसने तत्काल इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान शैलेंद्र कुमार के रूप में की।

पांच दिनों तक युवक कहां रहा? उसकी मौत कैसे हुई? और किन परिस्थितियों में उसका शव सरासोर क्षेत्र में पहुंचा? ये सभी सवाल अब जांच का विषय बने हुए हैं।

फिलहाल चेन्द्रा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!