कई जिंदगियां लील चुका कबरा कान,अब कॉलर आईडी से रखी जाएगी हर गतिविधि पर नजर
सूरजपुर/ जिले में पिछले करीब छह महीनों से दहशत का पर्याय बने कबरा कान हाथी के हमलों में अब तक लगभग अनेक लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही जनहानि के बावजूद हाथी की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। हाथी कभी गांवों के आसपास तो कभी एसईसीएल के ओपन कास्ट खदान क्षेत्रों में विचरण करता दिखाई दे रहा है। हाल ही में ग्राम कमलपुर के आसपास एसईसीएल के डंपिंग एरिया की पहाड़ी पर भी उसकी मौजूदगी देखी गई।
लगातार बढ़ते खतरे के बीच अब वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर निगरानी रखने की तैयारी में जुट गया है। एसडीओ वन विभाग संतोष पांडे ने बताया कि हाथी की सतत मॉनिटरिंग के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जिसे जल्द ही तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही हाथी को रेडियो कॉलर आईडी लगाने की भी तैयारी की जा रही है, जिससे उसकी लोकेशन और आवाजाही की जानकारी लगातार मिल सकेगी।
कॉलर आईडी लगने के बाद हाथी की लोकेशन ट्रैक करने में मदद मिलेगी, जिससे आसपास के गांवों को समय रहते सतर्क किया जा सकेगा और संभावित जनहानि को रोकने के लिए वन विभाग को त्वरित कदम उठाने में सहूलियत होगी।
हालांकि, ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब तक करीब इतने लोगों की जान ले चुके इस हाथी के आतंक से आखिर कब राहत मिलेगी? फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें वन विभाग की निगरानी व्यवस्था और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
