20261005_221520-COLLAGE

रामानुजनगर में शब्दबीज व सूर्योदय का आगाज
संकुल समन्वयकों का प्रशिक्षण संपन्न

सूरजपुर/रामानुजनगर – बच्चों के शब्द ज्ञान और शब्द भंडार को समृद्ध करने के उद्देश्य से सूरजपुर जिले में एक अभिनव शैक्षणिक पहल “शब्द बीज” का आगाज किया गया है। इस पहल के माध्यम से बच्चों के मन में प्रतिदिन एक नए शब्द का बीजारोपण कर उनके शब्द भंडार को निरंतर विकसित करने तथा भाषा कौशल को मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला कलेक्टर एवं मिशन संचालक समग्र शिक्षा रेना जमील की प्रेरणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र पाटले के मार्गदर्शन, डिप्टी कलेक्टर यशवंत कुमार देवांगन एवं जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा के निर्देशन तथा जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा मनोज कुमार साहू के संयोजन में इस नवाचार की शुरुआत की गई है।

बीज से वृक्ष की तरह विकसित होगा शब्द भंडार

योजनांतर्गत यह परिकल्पना की गई है कि जिस प्रकार एक छोटा-सा बीज समय के साथ विशाल एवं शक्तिशाली वृक्ष का रूप लेता है, उसी प्रकार बच्चों के मन में प्रतिदिन बोया गया एक नया शब्द धीरे-धीरे उनके ज्ञान और शब्द भंडार का विशाल वृक्ष तैयार करेगा। योजना का उद्देश्य बच्चों को केवल नए शब्दों से परिचित कराना नहीं, बल्कि उन्हें सुनने, बोलने, सही उच्चारण करने, समझने और वाक्यों में प्रयोग करने के लिए सक्षम बनाना है।

सीखने की प्रक्रिया से संकुल समन्वयकों को कराया गया अवगत

ब्लॉक नोडल सह मास्टर ट्रेनर राधेश्याम साहू व निरंजन सिंह मरकाम ने बताया कि योजना के अंतर्गत बच्चों के सीखने के स्तर को तीन भागों में विभाजित किया गया है। इसमें कक्षा पहली से दूसरी, कक्षा तीसरी से चौथी तथा कक्षा पांचवीं के लिए अलग-अलग स्तर निर्धारित किए गए हैं।

बच्चे अपने स्तर के अनुसार शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिदिन एक विशेष कालखंड में एक नए शब्द से परिचित होंगे। इस दौरान शब्द को सुनने, बोलने, उसका सही उच्चारण करने तथा व्यवहारिक एवं वाक्य प्रयोग के माध्यम से समझने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस पहल की खास बात यह होगी कि प्रत्येक विद्यालय में एक स्थायी “शब्द बीज बोर्ड” लगाया जाएगा। शिक्षक प्रतिदिन बोर्ड पर एक नया शब्द लिखेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक बच्चे के पास “शब्द बीज डायरी” होगी, जिसमें बच्चे प्रतिदिन सीखे गए नए शब्दों को लिखकर उनका संग्रह करेंगे।
सप्ताह में एक दिन जिला स्तर से बच्चों के लिए एक विशेष शब्द भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय स्तर से लेकर जिला स्तर तक शब्द सीखने की एक सतत एवं रोचक प्रक्रिया विकसित की जाएगी।

बच्चों में सीखने की रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के लिए सप्ताह एवं माह में सर्वाधिक नए शब्द सीखने वाले बच्चों को विशेष गतिविधियों के माध्यम से “शब्दवीर” घोषित कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे बच्चों में नए शब्द सीखने के प्रति उत्साह और निरंतर अभ्यास की आदत विकसित होगी।योजना के सफल एवं सुचारु संचालन में शिक्षकों की महती भूमिका होगी। शिक्षकों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए जिला, ब्लॉक एवं संकुल स्तर पर प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई है। योजना की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गौतम कुमार शर्मा राज्यपाल पुरस्कृत प्रधान पाठक को जिला नोडलऔर ब्लॉक स्तर पर राधेश्याम साहू सीएसी कोट को नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है।

“शब्द बीज” अभियान के माध्यम से बच्चों में भाषा के प्रति रुचि विकसित करने, उनके शब्द भंडार को बढ़ाने और अभिव्यक्ति क्षमता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतिदिन एक शब्द सीखने की छोटी-सी पहल आने वाले समय में बच्चों के ज्ञान और भाषा कौशल का मजबूत आधार तैयार करेगी। इस नवाचार के माध्यम से शब्दों के बीज से ज्ञान का वृक्ष तैयार करने की सार्थक पहल की गई है।प्रशिक्षण के दौरान विकास खण्ड स्रोत समन्वयक विजय साहू,ब्लॉक परियोजना अधिकारी साक्षर भारत रविनाथ तिवारी सहित समस्त संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!