PWD में तबादला एक्सप्रेस: सूरजपुर में कई नए चेहरे, कई अधिकारियों की विदाई
सूरजपुर/ छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने 6 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस आदेश का असर सूरजपुर लोक निर्माण विभाग पर भी पड़ा है, जहां कई अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है और नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सबसे अहम बदलाव प्रेमनगर उपसंभाग में हुआ है। प्रेमनगर में पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा का तबादला कर उन्हें रामानुजगंज उपसंभाग भेजा गया है। उनकी जगह अश्वनी कुमार शर्मा को अनुविभागीय अधिकारी, उपसंभाग प्रेमनगर, संभाग सूरजपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं लोक निर्माण विभाग के सूरजपुर संभाग में विनय कुमार जायसवाल को रामानुजगंज संभाग से स्थानांतरित कर पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा कु. पूर्णिमा पैकरा, सूरज कुमार वर्मा और सुरेन्द्र सिंह को भी अलग-अलग पदस्थापन आदेशों के तहत सूरजपुर संभाग में भेजा गया है।
दूसरी ओर सूरजपुर संभाग में पदस्थ जितेन्द्र कुमार सोनी का स्थानांतरण अंबिकापुर संभाग किया गया है। वहीं संदीप कुमार देवागन को सूरजपुर से सेतु संभाग अंबिकापुर और राकेश कुमार पैकरा को सूरजपुर से राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग अंबिकापुर भेजा गया है।
यानी लोक निर्माण विभाग के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में सूरजपुर संभाग से कई पुराने अधिकारियों की विदाई हुई है, तो वहीं कई नए अधिकारियों की आमद हुई है।
शासन के आदेश के मुताबिक ये सभी स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से और आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से किए गए हैं।
अब देखना होगा कि अधिकारियों के इस बड़े फेरबदल के बाद सूरजपुर जिले में लोक निर्माण विभाग के कामकाज और निर्माण कार्यों की रफ्तार पर इसका क्या असर पड़ता है।
