कल हर्षोल्लास के साथ होगी उल्लास महापरीक्षा सूरजपुर व रामानुजनगर में बनाए गए 137 परीक्षा केंद्र, 1953 परीक्षार्थी होंगे शामिल
सूरजपुर/ जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से असाक्षरों को साक्षरता की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उल्लास महापरीक्षा का आयोजन कल जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विकासखंड परियोजना अधिकारी जयराम प्रसाद, सूरजपुर एवं रविनाथ तिवारी, रामानुजनगर ने बताया कि जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के लक्ष्य के साथ विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित शासकीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपादित कराने के लिए शिक्षकों को केंद्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक का दायित्व सौंपा गया है।
जानकारी के अनुसार सूरजपुर विकासखंड में 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1606 परीक्षार्थी उल्लास महापरीक्षा में शामिल होंगे। वहीं रामानुजनगर विकासखंड में 71 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 347 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार दोनों विकासखंडों में कुल 137 परीक्षा केंद्रों पर 1953 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
सतत मॉनिटरिंग के लिए संकुल समन्वयकों को जिम्मेदारी
परीक्षा के सुचारू संचालन एवं सतत मॉनिटरिंग के लिए सभी संकुल समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचाने में जुटेंगे शिक्षक व मैदानी कार्यकर्ता
उल्लास महापरीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाने की जिम्मेदारी शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं स्व-सहायता समूहों को सौंपी गई है। सभी संबंधितों को परीक्षार्थियों से समन्वय स्थापित कर उन्हें निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए निर्देशित किया गया है।संकुल समन्वयक राकेश शुक्ला व राधेश्याम साहू ने बताया कि शासन की हर योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में शिक्षकों की महती भूमिका रही है।इस महापरीक्षा में भी शिक्षक मत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हुए महापरीक्षा को सफलता पूर्वक संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग करेंगे।
उल्लास महापरीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं मैदानी अमला पूरी तरह तैयार है। जिले को पूर्ण साक्षर बनाने की दिशा में यह महापरीक्षा एक महत्वपूर्ण पहल है, जो असाक्षर व्यक्तियों को पढ़ने-लिखने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
