वोट चोरी के आरोपों और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ 28 सितंबर को सूरजपुर में कांग्रेस का विशाल विरोध मार्च
सूरजपुर/ 26 सितंबर 2026।
भारतीय निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आए हालिया विवाद और दो निर्वाचन आयुक्तों द्वारा दर्ज की गई आपत्तियों के मुद्दे पर कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर द्वारा सोमवार, 28 सितंबर 2026 को अग्रसेन चौक से जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय तक विशाल विरोध मार्च निकाला जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शशि सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि निर्वाचन आयोग के भीतर सामने आए हालिया घटनाक्रम लोकतांत्रिक और चुनावी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। हाल में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार आयोग के कुछ निर्णयों और आदेशों पर औपचारिक आपत्तियां दर्ज कीं। इन आपत्तियों में नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम हटाने और बहाल करने तथा मतदाता डेटा और आईटी प्रणाली के संचालन से जुड़े मुद्दे शामिल बताए गए हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने आरोप लगाया कि इन घटनाक्रमों से कांग्रेस द्वारा लगातार उठाए जा रहे मतदाता सूची और वोट चोरी से जुड़े सवालों को बल मिला है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली के केंद्रीकरण को लेकर उठी आपत्तियों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग करेगी।
विरोध मार्च का कार्यक्रम
दिनांक: सोमवार, 28 सितंबर 2026
समय: दोपहर 3 बजे
स्थान: अग्रसेन चौक, सूरजपुर
मार्च: अग्रसेन चौक से जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय तक
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
जिलाध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा मांग की गई है कि—
- मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों तथा मतदाता सूची में किए गए बदलावों की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा कराई जाए।
- मतदाता सूची, SIR प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में जो भी जिम्मेदार पाए जाएं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस ने कहा है कि इन मांगों को लेकर उसका लोकतांत्रिक आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
