Screenshot_2026-06-27-14-49-11-03_40deb401b9ffe8e1df2f1cc5ba480b12~2

सूरजपुर के 18 वार्डों में विकास कार्यों को हरी झंडी, पेयजल-सड़क के 294.06 लाख के काम मंजूर

सूरजपुर/ नगर पालिका परिषद सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 1 से 18 तक पेयजल व्यवस्था और सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत जारी स्वीकृति आदेश में टाइड ग्रांट के तहत पेयजल संबंधी कार्यों के लिए 136.94 लाख रुपये, जबकि अनटाइड ग्रांट के तहत सड़क निर्माण कार्यों के लिए 157.12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों मदों को मिलाकर कुल 294.06 लाख रुपये यानी करीब 2.94 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है।

वार्ड 1 से 18 तक पाइपलाइन विस्तार

पेयजल व्यवस्था के लिए स्वीकृत 136.94 लाख रुपये में वार्ड क्रमांक 14 के बायपास मानपुर एवं बेगापारा क्षेत्र में डीआई पाइपलाइन विस्तार के लिए 87.35 लाख रुपये का प्रावधान है। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 1 से 18 तक विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन विस्तार के लिए 49.59 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

स्वीकृत सूची में वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 7, 9 और 10 सहित अन्य वार्डों में अलग-अलग स्थानों पर पाइपलाइन विस्तार कार्य शामिल हैं। वहीं वार्ड क्रमांक 11, 12, 13, 15, 17 और 18 में भी विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के कार्य प्रस्तावित हैं। इन कार्यों की कुल लंबाई 8,415 मीटर बताई गई है।

सड़क निर्माण के लिए भी 157.12 लाख

इसी आदेश में अनटाइड ग्रांट के तहत सड़क निर्माण के दो प्रमुख कार्यों के लिए कुल 157.12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें वार्ड क्रमांक 9 क्षेत्र में बंसल स्टेडियम से करलेगा तक डी.टी. रोड निर्माण के लिए 58 लाख रुपये तथा थलेश्वर साहू हाउस से बायपास रोड तक बीटी रोड निर्माण के लिए 99.12 लाख रुपये स्वीकृत हैं।

नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेश गोयल(शैलू ) ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया

नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेश गोयल ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए गोलू होटल से कॉलेज गली तक बनने वाली सड़क की स्वीकृति शहर की लंबे समय से चली आ रही बहुप्रतीक्षित मांग थी। उन्होंने कहा कि शहर में वैकल्पिक मार्गों को विकसित करने की दिशा में यह सड़क महत्वपूर्ण साबित होगी और इससे आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मस्जिद गली होकर बाईपास को जोड़ने वाली सड़क भी शहर के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित होगी। उनके अनुसार यह मार्ग भविष्य में शहर के यातायात दबाव को कम करने और आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेश गोयल ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि शासन की स्वीकृति से सूरजपुर नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और इसका लाभ शहरवासियों को मिलेगा।
कुल मिलाकर, नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 से 18 तक पेयजल पाइपलाइन विस्तार के साथ सड़क निर्माण के कार्य कराए जाएंगे। इससे विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति के विस्तार के साथ सड़क और वैकल्पिक मार्गों की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!