IMG-20260908-WA0019

शिक्षा स्थायी समिति की बैठक में सूरजपुर विकासखण्ड को पूर्ण साक्षर बनाने पर जोर

सूरजपुर- विकासखण्ड सूरजपुर में शिक्षा स्थायी समिति की बैठक जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं शिक्षा स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह तथा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनमत बछाड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए विकासखण्ड सूरजपुर को पूर्ण साक्षर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि विकासखण्ड क्षेत्र में असाक्षरों का चिन्हांकन पूर्ण कर लिया गया है तथा चिन्हांकित असाक्षरों के लिए साक्षरता कक्षाओं का संचालन कराया जा रहा है। आगामी सितम्बर माह में आयोजित होने वाले महा परीक्षा अभियान में सभी चिन्हांकित असाक्षरों को शामिल कराने के लिए अभी से आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर शिक्षा स्थायी समिति की अध्यक्ष एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह द्वारा उपस्थित सदस्यों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को साक्षरता शपथ दिलाई गई। साथ ही साक्षरता पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे विभिन्न जागरूकता, जनभागीदारी एवं साक्षरता संबंधी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में संकुल समन्वयक राकेश शुक्ला ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के प्रति अभिभावकों की जागरूकता और सहभागिता उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर यशवंत सिंह, दशरथ सिंह, श्रीमती लीलावती सिंह, श्रीमती राजकुमारी पैकरा, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार सिंह, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील पोर्टे, विकासखण्ड स्रोत समन्वयक मनोज मंडल सहित विकासखण्ड सूरजपुर के सभी संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!