चीनी के बढ़ते दामों पर कांग्रेस का ‘चीनी सत्याग्रह’, शशि सिंह ने सरकार को घेरा
बोलीं—गरीब की चाय से मिठास गायब, महंगाई ने बढ़ाई कड़वाहट; नुक्कड़ नाटक में दिखाया महंगी चीनी का दर्द

सूरजपुर/ चीनी के लगातार बढ़ते दामों और महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को सूरजपुर जिला मुख्यालय स्थित नेहरू पार्क में ‘चीनी सत्याग्रह’ कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में आयोजित सत्याग्रह में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सत्याग्रह के दौरान महंगी चीनी के खिलाफ नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। व्यंग्यात्मक अंदाज में प्रस्तुत नाटक के जरिए महंगाई का ऐसा चित्रण किया गया कि चीनी खरीदना भी आम आदमी के लिए मुश्किल हो गया है। नाटक में एक युवक को चीनी खरीदने के लिए अपनी किडनी तक बेचने की नौबत आने का व्यंग्यात्मक दृश्य दिखाया गया, जिसे लेकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सरकार की महंगाई नीति पर सवाल उठाए।
नेहरू पार्क में पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा के नीचे आयोजित सत्याग्रह को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि महंगाई अब सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं रह गई है, बल्कि आम आदमी की रसोई और उसकी थाली पर सीधा हमला बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि जिस चीनी की मिठास हर घर की चाय और त्योहारों की खुशियों में घुलती थी, आज वही चीनी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार के बजट पर भारी पड़ रही है। सरकार को आम आदमी की चाय में चीनी की मिठास दिखाई नहीं दे रही, लेकिन जनता को हर दिन महंगाई की कड़वाहट महसूस हो रही है।
शशि सिंह ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बाजार में पहुंचते ही उन दावों की हकीकत सामने आ जाती है। गरीब परिवार के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल होता जा रहा है और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा, “यह सत्याग्रह सिर्फ चीनी के दाम के खिलाफ नहीं, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ है, जिसमें आम आदमी की जेब लगातार खाली हो रही है और सरकार उसकी परेशानी पर आंखें मूंदे बैठी है। जनता को राहत चाहिए, भाषण और आंकड़े नहीं।”
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सरकार से चीनी की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण करने और बाजार में इसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब रसोई का बजट बिगड़ता है तो उसका सीधा असर पूरे परिवार की जिंदगी पर पड़ता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है और महंगाई से राहत मिलने तक यह आवाज दबने वाली नहीं है।
सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चीनी के बढ़ते दामों पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री संजय डोशी, उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन, इस्माईल खान, प्रवेश गोयल, नवीन जायसवाल, विद्यासागर सिंह, त्रिभुवन सिंह, वेदप्रकाश मिश्रा, केबी सिंह, सुनील सारथी, संतोष पावले, मेहंदी यादव, मेही साहू, संजू श्रीवास्तव, प्रदीप साहू, बिहारी कुलदीप, रामकृपाल साहू, संदीप शर्मा, परमेश्वर राजवाडे, मनोज साहू, समीर सिंह, हेमंत साहू, रूपनारायण राजवाडे, दिनेश राजवाड़े, मासूम इराकी, महिला नेत्री आनन्द कुंवर, लिली राजवाडे, बबीता गुप्ता, हेमलता राजवाडे, बिंदु गुप्ता, देवंती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
