जिला चिकित्सालय सूरजपुर में उत्साह के साथ मनाया गया 41वां नेत्रदान पखवाड़ा

सूरजपुर / जिला चिकित्सालय सूरजपुर में गुरुवार को *41वां नेत्रदान पखवाड़ा* उत्साह, जागरूकता एवं विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। 25 अगस्त से 8 सितंबर तक चलने वाले नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में ** आरएमओ डॉ. राजेश पैकरा ईएनटी विशेषज्ञ डॉक्टर राजेश श्रेष्ठ एवं डॉ. जे.बी. सिंह** मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय की नोडल अधिकारी डॉ. तेरस कंवर एवं डॉ. सुरभि जायसवाल ने पीपीटी के माध्यम से नेत्रदान के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने नेत्रदान की प्रक्रिया, इसके महत्व तथा मृत्यु के बाद नेत्रदान के माध्यम से जरूरतमंद दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में रोशनी लाने की जानकारी दी।

सहायक नोडल अधिकारी मुकेश राजवाड़े ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नेत्रदान केवल एक व्यक्ति को दृष्टि प्रदान करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह किसी के जीवन में उम्मीद और नई रोशनी लाने का महान कार्य है।
कार्यक्रम को रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए नेत्र सहायक अधिकारी अमित चौरसिया के मार्गदर्शन में आईएनआरसी नर्सिंग कॉलेज, सूरजपुर के छात्र-छात्राओं द्वारा क्विज प्रतियोगिता, निबंध लेखन, रंगोली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से नेत्रदान के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सराहनीय कार्य करने वाले नर्सिंग छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने “जीते-जी रक्तदान, जाने के बाद नेत्रदान” एवं “नेत्रदान-महादान” जैसे संदेशों के माध्यम से आमजन को नेत्रदान के लिए संकल्प लेने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से आग्रह किया गया कि वे स्वयं नेत्रदान का संकल्प लें तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में यह संदेश पहुंचाना रहा कि मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी दृष्टिबाधित व्यक्ति के जीवन में नई रोशनी ला सकता है।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए नेत्र सहायक अधिकारियों सहित जिला चिकित्सालय के नेत्र विभाग के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्टाफ नर्स जयश्री चक्रवर्ती, अंजिता खलखो, विद्यावती कुजूर, नेत्र सहायक अधिकारी कृष्ण सिंह, मारुति नंदन चक्रधारी मो इमरान खान दीपक गुप्ता योगेश साहू , शेषनारायण राजवाड़े, संतोष सिंह एवं मीना राजवाड़े सहित अन्य कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
