पशु चिकित्सा विभाग पर लापरवाही का आरोप, घायल बछड़े का पैर काटकर गौसेवकों ने किया उपचार
सूरजपुर जिले के भटगांव क्षेत्र में पशु चिकित्सा विभाग की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। कुछ समय पहले सड़क हादसे में घायल हुए एक छोटे बछड़े का पिछला पैर टूट गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर समुचित उपचार नहीं मिलने के कारण बछड़े के पैर में संक्रमण फैल गया और पैर गंभीर रूप से सड़ गया।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, जब बछड़े की हालत बिगड़ने लगी तो उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों से उपचार के लिए संपर्क किया। आरोप है कि चिकित्सकों ने उपचार करने में असमर्थता जताते हुए बछड़े को सूरजपुर या अंबिकापुर ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने सूरजपुर से गौसेवक:-पुष्पेंद्र अग्रहरी,अमन सोनी,रौनक सोनवानी,मुकेश साहू को बुलाया। गौसेवकों ने मौके पर पहुंचकर बछड़े की स्थिति का जायजा लिया और संक्रमण से बुरी तरह प्रभावित पैर को काटकर आवश्यक उपचार किया।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि घायल बछड़े को समय पर उचित उपचार मिल जाता तो शायद ऐसी स्थिति नहीं बनती।
स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने तथा पशुओं के उपचार के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
नोट: पशु चिकित्सा विभाग या संबंधित चिकित्सक का पक्ष इस खबर में शामिल नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
