कहां गया गरीबों का राशन? दुलदुली में ग्रामीणों ने उठाए बड़े सवाल
सूरजपुर/ प्रतापपुर- विकासखंड प्रतापपुर के ग्राम पंचायत दुलदुली में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्टर सूरजपुर के नाम एसडीएम ललिता भगत को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने अगस्त माह का राशन कई हितग्राहियों को नहीं मिलने की शिकायत करते हुए दुकान के स्टॉक और वितरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि 19 अगस्त तक कई परिवारों को अगस्त का राशन नहीं मिला। राशन लेने पहुंचने पर कभी चावल खत्म होने तो कभी शासन से आदेश नहीं आने की बात कहकर वापस लौटा दिया जाता है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब हर माह हितग्राहियों के अनुसार राशन का आवंटन होता है, तो उनका निर्धारित चावल आखिर कहां गया?
ग्रामीणों ने दुकान में प्राप्त राशन, स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर, ऑनलाइन रिकॉर्ड और हितग्राहियों के राशन कार्ड का मिलान कराने के साथ ही मौके पर भौतिक सत्यापन की मांग की है। साथ ही एक माह में आए सैकड़ों क्विंटल चावल के हिसाब-किताब की जांच की मांग भी की गई है।
मामले में एसडीएम ललिता भगत ने कहा कि शिकायत की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। जांच टीम मौके पर भेजी जाएगी और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जाएंगे। अनियमितता पाए जाने पर वसूली के साथ दोषियों के खिलाफ अपराध भी पंजीबद्ध कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जांच कर पात्र हितग्राहियों को राशन नहीं दिया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि दुलदुली राशन दुकान में आवंटन और वितरण के बीच कितना अंतर है और जिम्मेदारी किसकी है।
