IMG-20260831-WA0005

एक और संवेदना सदस्य के परिवार को दी गई एक लाख रुपये की संवेदना राशि

सूरजपुर/ओड़गी- जिले में संचालित संयुक्त संवेदना योजना शिक्षक समाज की एकजुटता, सहयोग और संवेदनशीलता की मिसाल बन चुकी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ सूरजपुर के जिलाध्यक्ष एवं संयुक्त संवेदना योजना के संस्थापक सचिन त्रिपाठी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में यह योजना विगत छह वर्षों से संचालित हो रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 36 दिवंगत शिक्षक सदस्यों के परिजनों को कुल 36 लाख रुपये की संवेदना राशि प्रदान की जा चुकी है।

इसी क्रम में ओड़गी विकासखंड अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला करौटी बी में पदस्थ शिक्षक स्व. विनोद कुमार सिंह का आकस्मिक निधन हो गया था। स्व. विनोद कुमार सिंह जिला सूरजपुर संयुक्त संवेदना समिति के सक्रिय सदस्य थे।

उनके निधन पर समिति द्वारा संवेदना प्रकट करते हुए योजना के नियमों के अनुसार संवेदना प्रभारी सह ब्लॉक अध्यक्ष मो. महमूद एवं प्रमोद पाठक के मार्गदर्शन में समिति के पदाधिकारियों ने 30 अगस्त 2026 को उनके निवास ग्राम डोंगरो, पोस्ट चलगली, जिला बलरामपुर पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती प्रेम कुमारी को ₹1,00,000/- (एक लाख रुपये) की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की।

इस अवसर पर संवेदना सदस्य राजेश कुमार जायसवाल, कृष्णा प्रसाद, हेमंत मिंज, जदेश्वर सिंह, प्रेम कुमार पैकरा, नागेश्वर पैकरा, बालेश्वर सिंह, राम बहादुर राम, गुलाबराम कनेडिया, मुकेशचंद गुप्ता, गजेंद्र पैकरा सहित शाला स्टाफ के शिव कुमार पैकरा, सोरेलाल पैकरा तथा करौटी बी एवं गृह ग्राम डोंगरो के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

संयुक्त संवेदना समिति ने कहा कि किसी शिक्षक साथी के असमय निधन से परिवार को होने वाली अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा होना और यथासंभव सहयोग प्रदान करना ही संयुक्त संवेदना योजना का मूल उद्देश्य है। शिक्षक समाज की सामूहिक संवेदना और सहयोग से संचालित यह योजना विपरीत परिस्थितियों में दिवंगत शिक्षक के परिवार को आर्थिक एवं भावनात्मक संबल प्रदान करने का कार्य कर रही है।

समिति ने दिवंगत शिक्षक स्व. विनोद कुमार सिंह की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य, साहस एवं संबल प्रदान करने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!