TET बाध्यता समाप्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय में सौंपा ज्ञापन

रायपुर, 17 अगस्त 2026। प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष राजनारायण द्विवेदी के निर्देश पर प्रदेश उपाध्यक्ष उत्तम सिन्हा के नेतृत्व में महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को लोक शिक्षण संचालनालय में उप संचालक ए.एन. बंजारा से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने मिडिल प्रधान पाठक एवं यूडीटी पदोन्नति में TET की बाध्यता समाप्त करने की प्रमुख मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के पदोन्नति अधिकार को TET की अनिवार्यता के कारण प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। ज्ञापन में प्राचार्य भर्ती के लिए विभागीय परीक्षा आयोजित करने, तथा समयमान वेतनमान योजना में सहायक शिक्षक संवर्ग को शामिल करते हुए 4200 ग्रेड-पे के प्रस्ताव को वित्त विभाग को प्रेषित करने की मांग भी की गई।
इसके अलावा राज्य के सभी संभागों एवं जिलों में मिडिल प्रधान पाठक एवं शिक्षक पदोन्नति प्रक्रिया की समय-सारणी शीघ्र जारी करने की मांग महासंघ ने प्रमुखता से रखी। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों के हित में पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर महेश्वर कोटपरिहा, राकेश शेकराज, सतीश श्रीवास्तव, जिला सचिव कांकेर कैलाश कोमरा, जिला कोषाध्यक्ष पंचम नेताम, ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा, वासुदेव नंदन साहू सहित महासंघ के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक साथी उपस्थित रहे। महासंघ ने कहा कि शिक्षकों की जायज मांगों के निराकरण तक संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगा।
