शिक्षक समाज की मिसाल: दिवंगत शिक्षक के परिवार को दी गई ₹1 लाख की संवेदना राशि
सूरजपुर/प्रेमनगर- जिले में संचालित संयुक्त संवेदना योजना शिक्षक समाज की एकजुटता, सहयोग और संवेदनशीलता की मिसाल बन चुकी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ सूरजपुर के जिलाध्यक्ष एवं संयुक्त संवेदना योजना के संस्थापक सचिन त्रिपाठी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में यह योजना विगत छह वर्षों से संचालित हो रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 35 दिवंगत शिक्षक सदस्यों के परिजनों को कुल 35 लाख रुपये की संवेदना राशि प्रदान की जा चुकी है।
इसी क्रम में प्रेमनगर विकासखंड अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला केदारपुर में पदस्थ शिक्षक स्व. श्री ओमप्रकाश पारेश्वर का आकस्मिक निधन हो गया था। स्व. पारेश्वर जी जिला सूरजपुर संयुक्त संवेदना समिति के सक्रिय सदस्य थे।
उनके निधन पर समिति द्वारा संवेदना प्रकट करते हुए नियमों के अनुसार संवेदना प्रभारी सह ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पराज पाण्डेय के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों ने दिनांक 16 अगस्त 2026 को उनके निवास स्थान सरायपाली, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़ पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मेम पारेश्वर को ₹1,00,000/- (एक लाख रुपये) की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की।
इस अवसर पर संतोष कुमार साहू (व्याख्याता), मुकेश दुबे (प्रधान पाठक), डागेश्वर साहू (शिक्षक), प्रमोद श्याम (शिक्षक), दिनेश भोई (सहायक शिक्षक), बीरबल यादव (शिक्षक), योगेश्वर दास महंत (शिक्षक) एवं शिवनारायण (शिक्षक) उपस्थित रहे।
संयुक्त संवेदना समिति द्वारा इस अवसर पर कहा गया कि किसी शिक्षक साथी के असमय निधन से परिवार को होने वाली अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा होना और यथासंभव सहयोग प्रदान करना ही इस योजना का उद्देश्य है।
समिति ने दिवंगत शिक्षक स्व. ओमप्रकाश पारेश्वर की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
