प्राचार्यों ने नवपदस्थ संयुक्त संचालक (शिक्षा) से की सौजन्य मुलाकात
शिक्षा व्यवस्था में सुधार एवं बेहतर परीक्षा परिणाम पर जोर
सूरजपुर – सरगुजा संभाग के नवपदस्थ संयुक्त संचालक (शिक्षा) राजेश सिंह से प्राचार्यों ने सौजन्य भेंट कर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस दौरान प्राचार्यों ने संभाग की शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा परिणाम एवं विद्यालयों में आ रही विभिन्न समस्याओं से संयुक्त संचालक को अवगत कराया। संयुक्त संचालक राजेश सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार एवं शिक्षकों की समस्याओं का समाधान उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्राचार्यों से आपसी तालमेल एवं समन्वय के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए विद्यार्थियों के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए विशेष प्रयास करने की बात कही।
प्राचार्य महेश कुमार दोहरे ने बताया कि संयुक्त संचालक राजेश सिंह पूर्व में सूरजपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। वे क्षेत्र की परिस्थितियों एवं शिक्षा व्यवस्था से भली-भांति परिचित हैं। ऐसे में उनके अनुभव एवं कार्यकुशलता का लाभ निश्चित रूप से सरगुजा संभाग की शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा।
संयुक्त संचालक राजेश सिंह ने अपने पूर्व सहयोगियों एवं कर्मचारियों से मुलाकात कर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संभाग में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा शिक्षक हितों का संरक्षण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रेमचंद सोनी, शम्भू निषाद, बालकृष्ण साहू, महेश कुमार दोहरे, धर्म साय लकड़ा, मिथलेश गुप्ता एवं अनिल सिंह उपस्थित रहे।
