सायकल पाकर खिल उठे बेटियों के चेहरे, सपनों को मिली नई उड़ान
शासकीय हाई स्कूल कोट में नि:शुल्क सरस्वती सायकल योजना के तहत छात्राओं को वितरित की गई सायकलें
सूरजपुर- शासकीय हाई स्कूल कोट में शुक्रवार को राज्य शासन की नि:शुल्क सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत छात्राओं को सायकल का वितरण किया गया। सायकल मिलते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेमनगर विधायक प्रतिनिधि श्री संत साहू, विशिष्ट अतिथि सरपंच प्रतिनिधि श्री जगनारायण सिंह एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्य धर्मसाय सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि श्री संत साहू ने कहा कि सरकार की यह योजना बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सायकल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि छात्राओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है। उन्होंने विद्यालय के उत्कृष्ट बोर्ड परीक्षा परिणाम पर विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य महेश कुमार दोहरे ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थियों के समन्वय से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही। प्रधान पाठक बाबूलाल साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि कोई भी विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। नि:शुल्क सायकल योजना से छात्राओं का समय बचेगा, विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर बनेंगी।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता चांसी प्रसाद कुशवाहा ने तथा आभार प्रदर्शन व्याख्याता कमल किशोर पाण्डेय ने किया।
इस अवसर पर प्राचार्य महेश कुमार दोहरे, व्याख्याता कमल किशोर पाण्डेय, चांसी प्रसाद कुशवाहा, यदुवंश नारायण साहू, अनुरंजन टोप्पो, तारकेश सिंह, प्रधान पाठक बाबूलाल साहू, नागेन्द्र यादव, शिक्षक राधेश्याम साहू, खेलसाय पोर्ते, उमाशंकर साहू सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
