खेल प्रतिभाओं का हुआ भव्य सम्मान, जिला शिक्षा अधिकारी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
पी.एम.श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवापारा सूरजपुर के खिलाड़ियों ने खेल जगत में रचा इतिहास
सूरजपुर/ पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवापारा, जिला सूरजपुर ने खेल के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए जिले एवं राज्य का नाम रोशन किया है।
School Games Federation of India (SGFI) 2025-26 द्वारा संचालित खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने तीरंदाजी, ताइक्वांडो, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, साइकिलिंग, स्केटिंग एवं बैडमिंटन जैसे विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इन उपलब्धियों के माध्यम से विद्यालय ने यह सिद्ध कर दिया है कि यहाँ शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है।
एथलेटिक्स में खिलाड़ियों की सहभागिता, शुभम शांडिल्य ने जीता स्वर्ण पदक
विद्यालय से शुभम शांडिल्य सहित अन्य खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लिया, जहाँ सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन, मेहनत और खेल भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में छात्र शुभम शांडिल्य ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने एथलेटिक्स स्पर्धा में अपना सर्वश्रेष्ठ देते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) प्राप्त किया तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय के गौरव में चार चाँद लगा दिए।
तीरंदाजी में अभिज्ञान यादव की शानदार सफलता
तीरंदाजी खेल में छात्र अभिज्ञान यादव ने अत्यंत सटीक निशानेबाजी और धैर्य का परिचय देते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। उनके इस शानदार प्रदर्शन के फलस्वरूप उनका राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ। यह उपलब्धि न केवल अभिज्ञान यादव के लिए, बल्कि पूरे विद्यालय और जिले के लिए गर्व का विषय है।
स्केटिंग में श्रेया शर्मा और नंदिनी गुप्ता व रितेश का दबदबा
स्केटिंग प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राएँ श्रेया शर्मा एवं नंदिनी गुप्ता व रितेश ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। श्रेया शर्मा ने स्वर्ण पदक, जबकि नंदिनी गुप्ता ने रजत पदक (सिल्वर मेडल) एवं रितेश को रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इन तीनों खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण दो विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ, जो विद्यालय की सुदृढ़ खेल प्रशिक्षण व्यवस्था को दर्शाता है।
विभिन्न खेलों में निरंतर मिल रही सफलता
विद्यालय के विद्यार्थियों ने ताइक्वांडो, वेटलिफ्टिंग, साइकिलिंग एवं बैडमिंटन जैसे खेलों में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। निरंतर अभ्यास, अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन एवं विद्यालय प्रबंधन के सहयोग से खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि कड़ी मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ
विद्यालय के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में 50, संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में 44, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 30 ने उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं, वहीं राष्ट्रीय स्तर पर 3 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। यह विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की गतिविधियों में भी विशेष योगदान
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी
विद्यालय के विद्यार्थियों ने विशेष योगदान दिया है। इनमें सरगुजा ओलंपिक, महिला खेल प्रतियोगिताएँ, माय भारत (युवा नेहरू केंद्र द्वारा संचालित), युवा उत्सव, सहित ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताएँ शामिल हैं, जिनमें विद्यालय के बच्चों ने अनेक उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने दी बधाई
इन शानदार उपलब्धियों पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षक ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय, जिला एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे।
खेलों के माध्यम से सर्वांगीण विकास
विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास भी है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास हो रहा है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इन उपलब्धियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन, संसाधन और निरंतर मेहनत हो, तो ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी सशक्त पहचान बना सकते हैं।
खेल शिक्षक की मेहनत और महत्वपूर्ण योगदान
विद्यालय के खेल शिक्षक बालेंद्र साहू ने अपनी लगन, मेहनत और समर्पण से खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों को सही दिशा, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण प्रदान किया। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि खेल शिक्षक ने निस्वार्थ भाव से कई अवसरों पर स्वयं के व्यय पर खिलाड़ियों की सेवा करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सीमित संसाधनों में कार्य करते हुए भी उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, जिसका सकारात्मक परिणाम आज विद्यालय की ऐतिहासिक खेल उपलब्धियों के रूप में सामने आया है।
विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल
विद्यालय परिवार में इन उपलब्धियों को लेकर खुशी का माहौल देखने को मिला। अधिकारियों द्वारा सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए पूर्ण सहयोग देता रहेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक, जिला मिशन समन्वयक मनोज साहू, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक आलोक भवाल , उप संचालक अजय सिंह, विद्यालय के शिक्षकगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यालय के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
