‘मोदी की गारंटी’ के वादे पूरे करने की मांग: संविदा कर्मचारियों ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को सौंपा ज्ञापन, कैबिनेट में मुद्दा उठाने का आश्वासन
सूरजपुर/ छत्तीसगढ़ सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ के बैनर तले संविदा कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सूरजपुर में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े से सौजन्य मुलाकात कर अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा, वेतन वृद्धि सहित अन्य प्रमुख मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
मुलाकात के दौरान मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने संविदा कर्मचारियों की समस्याओं पर सकारात्मक चर्चा करते हुए आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में प्रमुखता से रखा जाएगा और शासन स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी।
इसी क्रम में महासंघ के पदाधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी के सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल से भी मुलाकात कर शासन के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें
संविदा कर्मचारियों ने विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान भाजपा द्वारा जारी घोषणा-पत्र ‘मोदी की गारंटी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनकी मांगों का समर्थन किया था और सरकार बनने पर समाधान का भरोसा दिया था। कर्मचारियों ने अब उन वादों को शीघ्र पूरा करने की मांग की है।
ज्ञापन में मार्च 2024 में गठित उच्च स्तरीय समिति की रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं होने पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। कर्मचारियों ने समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक कर जल्द निर्णय लेने की मांग की।
महासंघ ने पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां संविदा कर्मचारियों के लिए 62 वर्ष तक सेवा सुरक्षा, अनुकंपा नियुक्ति, समान कार्य के लिए समान वेतन, नियमित पदों में 50 प्रतिशत आरक्षण, नई पेंशन योजना, समकक्षता निर्धारण तथा 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों के चरणबद्ध नियमितीकरण जैसी व्यवस्थाएं लागू हैं। इसी प्रकार राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में लागू सेवा सुधारों का हवाला देते हुए छत्तीसगढ़ में भी समयबद्ध नीति लागू करने की मांग की गई।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कर्मचारी
ज्ञापन सौंपने के दौरान शैलेन्द्र कुमार जायसवाल, मिली रानी कर, वरुण सैदाणे, बृजलाल पटेल, अमित सिंह, अनिल कुमार, प्रवीण ठाकुर, अभय कुमार ओझा,रौशन झा, अहिबरन सिंह, नागिना,स्वर्णा, मनप्रीत सिंह, संजय,हंस लाल, अशोक साहू, संजय सोरी, राजेश किंडो सहित जिले के सैकड़ों संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।
संविदा कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार अपने चुनावी वादों और ‘मोदी की गारंटी’ के अनुरूप उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
