रिंग रोड के जानलेवा गड्ढों को भरने का काम शुरू, राहगीरों को मिलेगी बड़ी राहत
सूरजपुर। कार्यपालन अभियंता ललीत भोई के निर्देश के बाद आखिरकार रिंग रोड के लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बने गड्ढों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
कार्यपालन अभियंता के निर्देश के बाद एसडीओ एवं संबंधित इंजीनियरों ने मौके पर पहुंचकर गड्ढों को भरवाने का कार्य शुरू कराया। लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही इस सड़क पर अब तेजी से काम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उम्मीद जताई है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आवागमन सुगम होगा तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम हो जाएगी।
क्षेत्रवासियों ने समय पर पहल करने के लिए विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी सड़क के रखरखाव पर नियमित रूप से ध्यान दिया जाएगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

