लंबे इंतजार के बाद एल्डरमैन की सूची जारी, कई पुराने कार्यकर्ताओं में दिखा असंतोष
सूरजपुर/ छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर निगम,नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के लिए नामांकित एल्डरमैन की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार सूरजपुर नगरपालिका के लिए:
संतोष सोनी,संजय केजरीवाल,श्रीमती वर्षा साहू, बसंत कुशवाहा तथा शिव शंकर साहू मनोनित किए गए हैं।
इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक लागू किया गया है।
हालांकि इन नियुक्तियों के बाद भाजपा संगठन के भीतर ही दबी जुबान में असंतोष की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। पार्टी के कई समर्पित और लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ताओं का मानना है कि वर्षों तक संगठन के लिए मेहनत करने वाले कई पुराने चेहरों की अनदेखी की गई है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिन लोगों ने चुनाव के दौरान और संगठन को मजबूत बनाने में लगातार योगदान दिया, उन्हें इस बार भी अवसर नहीं मिल सका।
हालांकि कोई भी नेता या कार्यकर्ता खुलकर सामने नहीं आ रहा है, लेकिन अंदरखाने नाराजगी की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज है।
कई कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि संगठन ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करता रहा तो इसका असर भविष्य में संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों पर भी पड़ सकता है।
वहीं,पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियो का कहना है कि संगठन में हर कार्यकर्ता का सम्मान है और भविष्य में सभी को उनकी योग्यता एवं योगदान के आधार पर अवसर मिलेगा।
फिलहाल नामांकित एल्डरमैन की नियुक्ति के साथ जहां समर्थकों में खुशी का माहौल है, वहीं कुछ समर्पित कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी इस असंतोष को किस तरह दूर करती है।
