मछली पकड़ने गए 3 लोग बांध में डूबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सूरजपुर। जिले के करंजी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बतरा इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया है। मछली पकड़ने के दौरान बांध में डूबने से तीन लोगों के लापता होने की खबर है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस तथा डीडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतिबंध के बावजूद रात के अंधेरे में कुल नौ लोग बांध में मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक डूब गए। साथियों द्वारा शोर मचाने पर घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही करंजी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और डीडीआरएफ की टीम को बुलाकर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। टीम द्वारा बांध में लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक डूबे हुए लोगों का पता नहीं चल सका है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा बारिश के मौसम में जलाशयों और बांधों के आसपास विशेष सावधानी बरतें।
फिलहाल पुलिस और राहत-बचाव दल की टीम डूबे हुए लोगों की तलाश में जुटी हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
