शव की पहचान नहीं, जांच पर सवाल… किसान बोला- पुलिस ने तोड़ दिया हाथ
सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर क्षेत्र के तिवरागुड़ी गांव में मिले अज्ञात युवक की हत्या की जांच अब एक नए विवाद में घिर गई है। सफेद बोरे में रस्सियों से बंधा मिला युवक का शव अभी तक पहचान और हत्यारों के इंतजार में है, लेकिन इस बीच जांच के नाम पर एक किसान के साथ कथित मारपीट के आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
तिवरागुड़ी गांव निवासी 58 वर्षीय भेजन राम ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि हत्या की गुत्थी सुलझाने के नाम पर पुलिस ने उन्हें पहले थाने बुलाकर पूरे दिन बैठाए रखा और शाम को छोड़ दिया। इसके बाद अगले दिन पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और अपराध स्वीकार कराने के लिए अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया।
शिकायत में भेजन राम ने दावा किया है कि पूछताछ के दौरान डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उनका एक हाथ टूट गया और शरीर के निजी अंगों में भी गंभीर चोटें आईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने उनके मेडिकल और एक्स-रे से जुड़े दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए तथा मामले की जानकारी किसी को देने पर धमकाया।
भेजन राम का कहना है कि 12 जून को सबसे पहले उन्होंने ही अपने घर के पास पड़े संदिग्ध बोरे को देखा था। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों, पड़ोसियों और सरपंच को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। लेकिन अब वही व्यक्ति खुद पुलिस कार्रवाई का शिकार होने का आरोप लगा रहा है।
गौरतलब है कि तिवरागुड़ी में मिले युवक के शव के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए थे। मृतक के सिर, चेहरे, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के गंभीर निशान पाए गए थे। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हुआ था, लेकिन अब तक न तो मृतक की पहचान हो पाई है और न ही हत्या के आरोपियों तक पुलिस पहुंच सकी है।
पीड़ित किसान ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने,तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं,छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस की ऐसी छवि नहीं बननी चाहिए कि जो व्यक्ति सूचना दे, उसी को आरोपी की तरह प्रताड़ित किया जाए। यदि सूचना देने वालों के साथ मारपीट होगी तो भविष्य में कोई भी व्यक्ति सामने आने से हिचकेगा। यह पुलिस की साख का विषय है और इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
इधर,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की है कि पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए एसडीओपी प्रेमनगर को निर्देशित किया गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हत्या की जांच के दबाव में किसी निर्दोष व्यक्ति को निशाना बनाया गया?? या फिर इन आरोपों के पीछे कोई और सच्चाई छिपी हुई है? फिलहाल अज्ञात युवक की हत्या की जांच और पुलिस पर लगे आरोपों की जांच, दोनों एक साथ जारी हैं।
