योग दिवस पर टी-शर्ट के लिए मची होड़,शासकीय कर्मचारी भी संघर्ष करते दिखे कतार में

सूरजपुर/ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के रंगमंच में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय अजीब स्थिति बन गई,जब कार्यक्रम में वितरित की जा रही टी-शर्ट को लेने के लिए लोगों के बीच होड़ मच गई। स्थिति ऐसी बन गई कि शासकीय सेवकों, पार्षद और पुलिस विभाग के कर्मियों को भी टी-शर्ट पाने के लिए भीड़ के बीच संघर्ष करते देखा गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद लोग टी-शर्ट लेने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने का प्रयास करने लगे। इस दौरान धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी निर्मित हो गई। हैरानी की बात यह रही कि व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी निभाने वाले शासकीय कर्मचारी भी टी-शर्ट प्राप्त करने की होड़ में शामिल नजर आए।
घटना को लेकर उपस्थित लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कई लोगों ने सवाल उठाया कि ऐसे सार्वजनिक कार्यक्रमों में वितरण व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाना चाहिए, ताकि इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो और कार्यक्रम की गरिमा बनी रहे।
हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है, लेकिन योग दिवस जैसे अनुशासित और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े आयोजन में सामने आई इस अव्यवस्था ने लोगों को आश्चर्य में जरूर डाल दिया।
