नगर पंचायत शिवनंदनपुर में कांग्रेस की शानदार जीत, अंशुल गोयल बने उपाध्यक्ष
सूरजपुर/शिवनंदनपुर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपना परचम लहराया है,कांग्रेस के अंशुल गोयल को 8 वोट भाजपा के प्रशांत अग्रवाल को 7 वोट,
एक वोट निरस्त हुआ,और अंशुल गोयल नगर पंचायत शिवनंदनपुर के प्रथम उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
उनकी जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि इस चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सफ़ी अहमद के संचालन एवं प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में पार्टी ने संगठित रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरकर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
अंशुल गोयल की जीत को कांग्रेस संगठन की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की एकजुटता और जनता के विश्वास की जीत बताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर के विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही नगर के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्य करने की बात कही गई।
इस जीत के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है और पार्टी नेताओं ने इसे आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए भी सकारात्मक संकेत बताया है।
