20260618_204239-COLLAGE

चरित्र शंका में पति की क्रूरता की हदें पार, पत्नी का मुंडन कर जबरन पिलाया पेशाब, वीडियो सामने आने से मचा हड़कंप

सूरजपुर। जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति द्वारा पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार और क्रूरता की सारी हदें पार करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर शक करता था और इसी वजह से आए दिन मारपीट और प्रताड़ना करता था।

जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के करंजी की रहने वाली महिला की शादी पंडोपारा स्थित काटकोना गांव में हुई है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसके बाल काटकर जबरन मुंडन करा दिया। इतना ही नहीं, महिला ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद आरोपी पति ने उसे अपने और बच्चों का पेशाब जबरन पिलाया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं।
पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करते हुए आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। महिला का कहना है कि वह लंबे समय से घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रही थी, लेकिन अब उसने न्याय की गुहार लगाई है।
मामला पटना थाना क्षेत्र के पंडोपारा स्थित काटकोना गांव का बताया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद पटना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अत्याचार के गंभीर पहलू को उजागर कर दिया है। क्षेत्र के लोगों ने भी दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!