20260620_103955-COLLAGE

लापरवाही बनी काल : खड़े ट्रक से टकराई बाइक,तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत,

सूरजपुर/प्रतापपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर में बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सड़क पर लावारिस हालत में खड़े मक्का लोड ट्रक से टकराने के कारण बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, मक्का से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चालक वाहन को सड़क के बीचों-बीच छोड़कर फरार हो गया। अंधेरे में सड़क पर खड़े ट्रक से अनजान एक ही बाइक पर सवार चार युवक वहां से गुजर रहे थे। अचानक सामने आए ट्रक से उनकी बाइक सीधे जा भिड़ी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया तथा पुलिस को सूचना दी।

हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार माने जा रहे ट्रक को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जल उठा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रतापपुर पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़कों पर लावारिस खड़े भारी वाहनों और रात के समय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!