20260615_182610-COLLAGE

संयुक्त संवेदना समिति ने ओड़गी के दूरस्थ ग्राम मे जाकर,दिवंगत प्रधान पाठक सयराम एक्का के परिजनों को सौंपे एक लाख रुपये

सूरजपुर -संयुक्त संवेदना समिति ने एक बार फिर अपने उद्देश्य को सार्थक करते हुए दिवंगत शिक्षक साथी के परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया। विकासखंड ओड़गी के प्राथमिक शाला लिप्टिपानी में पदस्थ प्रधान पाठक स्वर्गीय सयराम एक्का के निधन पर समिति की ओर से उनके परिजनों को एक लाख रुपये की संवेदना राशि प्रदान की गई।
समिति के ब्लॉक संचालक मोहम्मद महमूद ने बताया कि शिक्षाकर्मी काल में वर्षों तक अल्प वेतन में कार्य करने वाले अनेक शिक्षक संविलियन के बाद भी पारिवारिक जिम्मेदारियों के बोझ से जूझते रहे हैं। ऐसे में किसी शिक्षक साथी के असमय निधन से परिवार गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट में घिर जाता है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिले के शिक्षकों ने सचिन त्रिपाठी के नेतृत्व में संयुक्त संवेदना समिति का गठन किया, जिसके माध्यम से सदस्य शिक्षक प्रतिवर्ष मात्र 500 रुपये का योगदान देकर अपने दिवंगत साथी के परिवार को एक लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराते हैं।

समिति की इस मानवीय पहल के तहत अब तक 32 दिवंगत शिक्षक परिवारों को कुल 32 लाख रुपये की संवेदना राशि प्रदान की जा चुकी है। समिति न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करती है, बल्कि शोकाकुल परिवारों को यह विश्वास भी दिलाती है कि शिक्षक समाज हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।
वर्तमान में समिति द्वारा सदस्यता अभियान भी संचालित किया जा रहा है, जिसमें जिले के लगभग ढाई हजार शिक्षक जुड़कर इस पुनीत अभियान का हिस्सा बन चुके हैं।
संवेदना राशि प्रदान करने के अवसर पर समिति के जिला संचालक सचिन त्रिपाठी, गिरवर यादव, राकेश शुक्ला, भुवनेश्वर सिंह, राधेश्याम साहू, कुंजलाल यादव, हरिनारायण दुबे, हीरामणी देवांगन, रामकुमार कुशवाहा, अनिल कुमार जायसवाल, बसंत नगेशिया, पीटर लकड़ा, मोहम्मद महमूद, अजय टोप्पो सहित बड़ी संख्या में शिक्षक साथी उपस्थित रहे।
समिति की इस पहल को शिक्षक समाज में मानवता, सहयोग और सामूहिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!