IMG-20260615-WA0019

जीवन बचाने वाले 108 कर्मी खुद परेशान, वेतन-ग्रेज्युटी भुगतान की मांग लेकर पहुंचे कलेक्टर दरबार

सूरजपुर/ जिले में संचालित 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने वेतन एवं ग्रेज्युटी की राशि का भुगतान नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर के नाम एक शिकायत पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद उन्हें नियमानुसार देय राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
कलेक्टर सूरजपुर को सौंपे गए आवेदन में शिकायतकर्ताओं ने बताया है कि वे 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़कर वर्षों तक कार्य करते रहे। इस दौरान उन्होंने अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा के साथ दीं, लेकिन सेवा अवधि समाप्त होने के बाद भी उन्हें “जयअम्बे इमरजेंसी सर्विसेस कंपनी से ग्रेज्युटी तथा अन्य देय भुगतान प्राप्त नहीं हुआ। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार संबंधित कंपनी जयअम्बे इमरजेंसी सर्विसेस के अधिकारियों के समक्ष उन्होंने अपनी मांग रखी , लेकिन अब तक समस्या का निराकरण नहीं हो पाया है। जबकि कंपनी का टेंडर 31 मार्च 2026 को समाप्त हो गया है..
शिकायतकर्ताओं ने आवेदन में उल्लेख किया है कि आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उक्त कंपनी में फरवरी और मार्च का वेतन सहित पूरी ग्रेज्युटी की राशि लंबित रहने के कारण परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा तथा दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों तक सेवा देने के बावजूद यदि उन्हें उनका वैधानिक अधिकार नहीं मिल पा रहा है तो यह उनके साथ अन्याय है।
कर्मचारियों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए लंबित वेतन एवं ग्रेज्युटी की राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही संबंधित कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जाए, ताकि कर्मचारियों को न्याय मिल सके।
शिकायत करने वालों में विजय गौतम, वीरेंद्र कृष्ण कुशवाहा, अब्दुल आहउ खान, ममता तिर्की, बृहस्पति राम, बेला प्रसाद राजवाड़े एवं अजेश्वर प्रसाद सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। सभी ने सामूहिक रूप से प्रशासन से हस्तक्षेप कर उनकी समस्या का त्वरित समाधान कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!