20260612_140402-COLLAGE

10 करोड़ की गांजा तस्करी का खुलासा, 12 क्विंटल गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

बलरामपुर/ जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बसंतपुर थाना पुलिस ने करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य के 12 क्विंटल गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह गांजा 16 चक्का ट्रक में भरकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा बताया जा रहा है, जो लंबे समय से गांजा तस्करी में संलिप्त था। इससे पहले भी पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया था। पूर्व की कार्रवाई के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और लगातार पुलिस की गिरफ्त से बचने का प्रयास कर रहा था।

पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसके ठिकाने तक पहुंचने में सफलता हासिल की। इसके बाद बसंतपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से 12 क्विंटल गांजा जब्त किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
बलरामपुर जिले में हुई इस बड़ी कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!