दिव्यांग युवती को नहीं मिल रही तीन पहिया साइकिल और पेंशन, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
सूरजपुर/भैयाथान: शासन द्वारा दिव्यांगजनों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई जरूरतमंद अब भी इन सुविधाओं से वंचित हैं। ऐसा ही एक मामला सूरजपुर जिले के भैयाथान जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राई के माझापारा से सामने आया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम राई निवासी अतवारो देवांगन, पिता जीवधन देवांगन,60 प्रतिशत दिव्यांग हैं। उन्होंने कई बार तीन पहिया विकलांग साइकिल और दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने की मांग की, लेकिन आज तक उन्हें इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका है।
परिजनों का कहना है कि अतवारो एक गरीब परिवार से संबंध रखती हैं और आने-जाने के लिए तीन पहिया साइकिल नहीं होने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं पेंशन राशि नहीं मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति और अधिक कमजोर हो गई है।
अतवारो के भाई रामकुमार ने बताया कि सभी आवश्यक दस्तावेज विभाग में जमा किए जा चुके हैं, इसके बावजूद अब तक पेंशन उनके खाते में नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल पाया है।
दिव्यांग युवती और उसके परिवार ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द तीन पहिया साइकिल उपलब्ध कराई जाए तथा लंबित दिव्यांग पेंशन को तत्काल स्वीकृत कर नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी शीघ्रता से कार्रवाई कर जरूरतमंद दिव्यांग युवती को योजनाओं का लाभ दिलाता है।
