शिवसेना शिंदे गुट की समीक्षा बैठक संपन्न
घोटाले के दोषियों पर कार्रवाई की मांग, चंदननगर मामले में दिया ज्ञापन
सूरजपुर/ दिनांक 9 जून 2026 को शिवसेना शिंदे गुट की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक जिला अध्यक्ष हेमंत महंत के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिले भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जिला अध्यक्ष हेमंत महंत ने संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है
इस अवसर पर संगठन के विस्तार को ध्यान में रखते हुए कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की गई, जिससे संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
धान खरीदी केंद्र चंदननगर में करोड़ों के घोटाले का आरोप
सूरजपुर जिले के धान खरीदी केंद्र चंदननगर में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। शिवसेना ने आरोप लगाया है कि खरीदी सत्र 2024-25 के दौरान केंद्र में लगभग 1 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक की अनियमितता और घोटाला किया गया है।
शिवसेना पदाधिकारियों के अनुसार,मामले में खरीदी प्रभारी,कंप्यूटर ऑपरेटर,बारदाना प्रभारी,तौल प्रभारी,फड़ प्रभारी तथा अन्य संबंधित कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है। आरोप है कि धान खरीदी प्रक्रिया और अनुबंध की विभिन्न शर्तों का उल्लंघन करते हुए सरकारी राशि को नुकसान पहुंचाया गया। संगठन ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा प्रेमनगर के प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
