20260609_112511-COLLAGE

जंगल में दंपति पर गजराज का कहर, दोनों की मौके पर मौत

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम शिवपुर में आज सुबह एक दर्दनाक सूचना आ रही है जहां जंगली हाथी ने पति-पत्नी को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम शिवपुर निवासी पति-पत्नी आज सुबह लगभग 5:00 बजे जंगल की ओर किसी घरेलू कार्य से गए हुए थे। इसी दौरान उनका सामना जंगल में मौजूद जंगली हाथी से हो गया। बताया जा रहा है कि हाथी ने अचानक हमला कर दोनों को दौड़ा लिया। बचने का प्रयास करने के बावजूद हाथी ने पति-पत्नी को कुचल दिया,जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

सूचना मिलने पर वन विभाग और प्रशासन की टीम घटनास्थल पहुंची।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से जंगल की ओर जाते समय सावधानी बरतने और हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर प्रभावित क्षेत्रों में न जाने की अपील की है। साथ ही हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

इस दर्दनाक घटना से पूरे शिवपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मानव और हाथी के बढ़ते संघर्ष को रोकने के लिए स्थायी समाधान की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!