भाजपा जिला अध्यक्ष और नगर पालिका उपाध्यक्ष का दावा — नगर पंचायत चुनाव में भाजपा की होगी जीत
सूरजपुर/भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने आगामी शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास कार्यों और सरकार की जनहितकारी योजनाओं से संतुष्ट है, जिसके चलते इस बार नगर पंचायत चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिलने जा रही है।
जिला अध्यक्ष ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क,पानी,बिजली और स्वच्छता जैसे मूलभूत कार्यों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। इसी वजह से लोगों का विश्वास लगातार भाजपा के प्रति बढ़ रहा है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी दल केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं, जबकि भाजपा विकास और जनता की सेवा को अपना मुख्य उद्देश्य मानती है। जिला अध्यक्ष ने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से नगर पंचायत में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।
सूरजपुर नगरपालिका उपाध्यक्ष शैलेश गोयल ने किया जीत का दावा
वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेश गोयल (शैलू) ने भी भाजपा की जीत को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में हुए विकास कार्य जनता के सामने हैं भाजपा का हमेशा से उद्देश्य क्षेत्र का विकास ही रहा है उसी अनुरूप कार्य करती है।
उन्होंने बताया कि भाजपा की सरकार ने ही शिवनंदपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिया है। शहर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि जनता विकास के नाम पर वोट करेगी और भाजपा प्रत्याशियों को भारी समर्थन मिलेगा।
उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार नगर पंचायत चुनाव में भाजपा को रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल होगी।
फिलहाल राजनीतिक गलियारों में नेताओं के इस बयान के बाद चुनावी माहौल और गर्म हो गया है। अब देखना होगा कि जनता किसे अपना समर्थन देती है और नगर पंचायत की सत्ता किसके हाथ में जाती है।
