IMG-20260527-WA0010

पाँच-पाँच सौ रुपये के सहयोग से शिक्षकों ने खड़ी की संवेदना की मिसाल,

अब तक दे चुके हैं 31 लाख रुपये की सहायता

सूरजपुर – कभी अल्प वेतन में शिक्षाकर्मी के रूप में सेवा देने वाले अनेक शिक्षक आज भी पारिवारिक जिम्मेदारियों और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में यदि किसी शिक्षक साथी का असमय निधन हो जाए तो उसके परिवार पर दुःखों के साथ आर्थिक संकट भी गहरा जाता है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए सूरजपुर जिले के शिक्षकों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए एक अनूठी पहल की शुरुआत की।

जिले के शिक्षकों ने सचिन त्रिपाठी के नेतृत्व में संयुक्त संवेदना समिति का गठन किया, जिसके अंतर्गत प्रत्येक सदस्य शिक्षक प्रतिवर्ष मात्र पाँच सौ रुपये का सहयोग प्रदान करता है। इसी छोटे-छोटे सहयोग से समिति अब तक दिवंगत शिक्षक साथियों के परिवारों को कुल 31 लाख रुपये की संवेदना राशि प्रदान कर चुकी है।

समिति से जुड़े सतीश साहू, पुष्पराज पाण्डेय, मोहम्मद महमूद एवं प्रमोद पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान माह में प्रेमनगर विकासखण्ड के माध्यमिक शाला उमेश्वरपुर में पदस्थ शिक्षक उमेश्वर प्रसाद तथा ओड़गी विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओड़गी में कार्यरत व्याख्याता अशोक कुमार विश्वकर्मा के निधन पर समिति द्वारा उनके परिवारों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस दौरान समिति के सदस्यों ने शोकाकुल परिवारों को हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा भी दिलाया।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में समिति द्वारा सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है और जिले के लगभग ढाई हजार शिक्षक इस पुनीत अभियान से जुड़ चुके हैं। समिति का उद्देश्य केवल आर्थिक सहयोग देना ही नहीं, बल्कि शिक्षक परिवारों के बीच आत्मीयता और सामाजिक सुरक्षा की भावना को मजबूत करना भी है।

संवेदना राशि वितरण कार्यक्रम में समिति के जिला संचालक सचिन त्रिपाठी, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी ओड़गी प्रदीप कुमार सिंह, प्राचार्य बालकरण यादव, राजकुमार सिंह, ऋषि पाण्डेय, राजेश सिंह, विश्वनाथ, सतीश साहू, पुष्पराज पाण्डेय, संतोष साहू, विजय त्रिपाठी, ओमप्रकाश साहू, मुनेश्वर सिंह, लक्ष्मण सिंह, तनेश्वर सिंह, शिवकुमार गुप्ता, जगजीवन सिंह, हेमंत साहू, तेजदास, महेंद्र प्रताप सिंह, कुंवारों देवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!