20260502_190413-COLLAGE

हाई स्कूल कोट का परीक्षा परिणाम रहा बेहतर
बेटियों ने बढ़ाया मान

सूरजपुर – माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की वार्षिक परीक्षा में शासकीय हाई स्कूल कोट विकास खण्ड रामानुजनगर का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा।

सर्वाधिक 80.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर वर्षा प्रजापति ने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर हिरमेन 80.5 प्रतिशत तो तीसरे स्थान पर स्व.प्रीति 74.3 प्रतिशत के साथ है। दुर्भाग्य वश परीक्षा उपरांत छात्रा प्रीति का स्वर्गवास हो गया था।

परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में सादे समारोह का आयोजन कर विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम की जानकारी देकर मुंह मीठा कराया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व विद्यालय की होनहार छात्रा स्व.प्रीति के स्वर्गवास हो जाने से दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्राचार्य महेश कुमार दोहरे ने बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले समस्त विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन एवं समर्पण से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। शिक्षकों के मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग एवं विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का सुखद परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां अब हर क्षेत्र में नित नई ऊंचाइयां छू रही हैं।

व्याख्याता कमल किशोर पाण्डेय ने भी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों एवं शैक्षणिक स्टाफ की निरंतर मेहनत का प्रतिफल है।
उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार हेतु विद्यार्थियों के लिए नियमित कक्षाएं, अतिरिक्त मार्गदर्शन, मॉडल प्रश्न पत्रों का अभ्यास तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं का आयोजन किया गया था, जिसका
सकारात्मक परिणाम आज सबके सामने है।

व्याख्याता चांसी प्रसाद कुशवाहा ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की। कक्षा 6 वीं से 8 वीं का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा, यहां भी बेटियों ने ही विद्यालय में क्रमशः प्रथम,द्वितीय, तृतीय स्थान पर कब्जा किया।

व्याख्याता सुरेन्द्र खरे,यदुवंश नारायण साहू,तारकेश सिंह, अनुरंजन टोप्पो,पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक बाबुलाल साहू,शिक्षक राधेश्याम साहू,खेलसाय पोर्ते, उमाशंकर साहू सभी ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!