20260326_185309-COLLAGE

जगरनाथपुर खदान (महान-3) में काम ठप: पूर्व जिला पंचायत सदस्य का घर ढहाने पर भड़कीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष शशि सिंह,

सूरजपुर/भटगांव:
भटगांव कोल क्षेत्र के प्रतापपुर जागरनाथ खदान (महान-3) में आज आक्रोश फूट पड़ा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने खदान के मुख्य द्वार को घेर लिया जिससे दिन भर खदान का संचालन पूरी तरह ठप रहा। यह प्रदर्शन दो दिन पूर्व हुई उस हृदयविदारक घटना के विरोध में और तीव्र हो गया जिसमें एसईसीएल प्रबंधन ने कांग्रेस के पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पैतृक घर को ढहा दिया था।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य का घर तोड़ना प्रबंधन की कायरता: शशि सिंह

मौके पर पहुंचीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने जल,जंगल और जमीन की लड़ाई को तेज करते हुए सीधे प्रबंधन पर हमला बोला।उन्होंने कहा:
दो दिन पूर्व जिस तरह बिना किसी ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के हमारे पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पैतृक आवास को तोड़ा गया,वह एसईसीएल की तानाशाही और अहंकार का प्रमाण है। प्रबंधन ने सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि एक परिवार की यादें और गरिमा तोड़ी है।

अनिश्चित कालीन चक्का जाम की चेतावनी

कांग्रेस अध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर प्रशासन और प्रबंधन ने 24 घंटे के भीतर मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया, तो यह प्रदर्शन अनिश्चितकालीन आंदोलन में तब्दील हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता और मुख्य मांगे पूरी नहीं होती तब तक आंदोलन की आग शांत नहीं होगी।

इस विरोध प्रदर्शन में हजारों की संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान पूर्व विधायक भानुप्रताप सिंह,जिला उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता,विद्यासागर सिंह,नवीन जायसवाल, त्रिवभुवन सिंह, संजीव श्रीवास्तव, सुरेश अयाम,डी राम,अविनाश साहू, गोल्डी ख़ान,राजू आयाम सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!