प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज गांव चलो अभियान के तहत सूरजपुर पहुंचे।
एक गुट की अनुपस्थिति बना चर्चा का विषय
सूरजपुर/ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज सरगुजा अंचल के दौरे में सूरजपुर जिले के तीनों विधानसभाओं में बूथ कमेटियों की बैठक लेने और संगठनात्मक मजबूती के लिए गांव चलो अभियान केतहत सूरजपुर पहुंचे । जहां जिला कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में प्रतापपुर,भटगांव व प्रेमनगर विधानससभा के विभिन्न कार्यक्रमों व स्वागत समारोह में बैज ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 42 हजार कमेटियों का गठन किया जा रहा है, जो कांग्रेस को धरातल पर मजबूत करेगी। बूथ, पंचायत व मंडल कमेटियों के माध्यम से पार्टी की विधाराधारा को आमजनों तक पहुॅचाने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति के साथ बूथ स्तर पर पार्टी के कार्यों को देखने के लिए वे प्रदेश के दौरे पर है।
उन्होंने स्थानीय साधुराम सेवाकुंज में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर विफल है। जनता के मन में बदलाव की अभिलाषा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में बड़ा बदलाव होगा। उन्होंने पार्टी की रीति व नीति के साथ संगठन सृजन अभियान की बातें रखी और जिलाध्यक्ष शशि सिंह की जमकर तारीफ की और कहा कि जुझारू आदिवासी नेत्री है, जिले में शशि मजबूत होगी तो पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जागरूक करते हुए कहा कि शशि और पार्टी को मजबूत करें और ताकत दें। उन्होंने गांव चलो अभियान के संदर्भ में अवगत कराते हुए पार्टी की विचारधारा के साथ में पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए पार्टी के कार्यों को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुॅचाने के साथ संगठन की मजबूती और कार्यों पर फोकस किया।
इसके पूर्व जिले के कल्याणपुर, पंपापुर, प्रतापपुर, खोरमा, भटगांव, बरपारा, बिश्रामपुर, तिलसिवां व सूरजपुर में श्री बैज का पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशी स्वागत किया। सूरजपुर के मुख्य कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, डॉ. प्रेमसाय सिंह, पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े, भानुप्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष विन्ध्येश्ववर शरण सिंहदेव, सरगुजा रेड क्रॉस के चेयरमेन आदित्येश्ववर शरण सिंहदेव, श्रम आयोग के पूर्व अध्यक्ष सफी अहमद, संगठन प्रभारी मनोज गुप्ता, वरिष्ठ नेता सुभाष गोयल, युवा नेता दानिश रफीक सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष शशि सिंह, महामंत्री संजय डोसी, जी.एस. मिश्रा, इस्माईल खान, नवीन जायसवाल, मेंहदी यादव, नरेन्द्र जैन, संजीव श्रीवास्तव, विद्यासागर सिंह, अनिल गुप्ता, त्रिभुवन सिंह टेकाम, जगतलाल आयाम, रामकुमार बंछोर, वेद मिश्रा, इम्तियाज जफर, अभिषेक श्रीवास्तव, जरीना सुल्ताना, आनंद कुंवर,बबीता गुप्ता, संतोष पावले, परमेश्ववर राजवाड़े, विक्की समददार, अविनाश साहू सहित ब्लाक अध्यक्षों व पदाधिकारियों ने श्री बैज व अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यक्रम का सफल संचालन सुनील अग्रवाल व आभार प्रदर्शन संजय डोसी ने किया।
आदिवासी समाज ने दिया तीर-धनुष
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समुदाय की ओर से रामकुमार बंछोर व संतोष पावले के नेतृत्व में आदिवासी समाज व आदिवासी कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अपनी परंपरा के अनुरूप प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को तीर-धनुष व पीला गमछा भेट कर आदिवासी अस्मिता के रूप में उनका स्वागत किया और जिले में प्रथम आगमन पर श्री बैज का अभिनंदन किया।
वरिष्ठ नेताओं की अनुपस्थिति से गुटबाजी को मिली हवा
उल्लेखनीय है कि प्रदेश अध्यक्ष के अधिकारिक सांगठनिक दौरे में पूर्व जिलाध्यक्ष भगवती राजवाड़े, पूर्व विधायक खेलसाय सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरेश राजवाड़े, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े व समुह विशेष के समर्थकों की सेवाकुंज के कार्यक्रम में अनुपस्थिति चर्चा का विषय बना रहा।
वहीं उक्त सभी नेतागण दीपक बैज से मिलने न्यू सर्किट हाउस पहुचे और बंद कमरे में प्रदेशाध्यक्ष से मुलाकात की। श्री बैज ने स्पष्ट रूप से कहा कि कोई मनमुटाव है तो पार्टी फोरम में बात रखें। सार्वजनिक व सोशल मीडिया में हवा देने का मामला गलत व विधि विपरित है। विदित हो कि शशि सिंह के जिलाध्यक्ष बनने के बाद लगातार कुछ नेताओं की आयोजन, बैठक, धरना-प्रदर्शन में अनुपस्थिति को भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंभीरता से लिया है और जिला कांग्रेस कमेटी के आयोजन व बैठको की उपस्थिति पंजी का बारीकी से अवलोकन किया।
