20260327_211617-COLLAGE

तेज आंधी ने मचाई तबाही:
कहीं स्वागत द्वार गिरा,कहीं उखाड़ दिए पेड़ बाइक सवार पेड़ के नीचे दबा बाल बाल बची जान

सूरजपुर/ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अचानक आई तेज आंधी ने जमकर तबाही मचाई। इस दौरान भटगांव के सबसे व्यस्त और मुख्य माने जाने वाले रविशंकर त्रिपाठी चौक पर लगा एसईसीएल का स्वागत द्वार तेज हवा के झोंकों को सहन नहीं कर सका और अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

घटना दोपहर करीब 3:30 बजे से 4:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय चौक पर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी हुई थी, लेकिन गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार,द्वार गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

बताया जा रहा है कि आंधी की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते कई जगह पेड़ की डालियां टूटकर गिरीं और हल्का नुकसान भी हुआ। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, जो कि एक बड़ी राहत की बात है।
घटना के बाद स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे और गिरे हुए स्वागत द्वार को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, जिससे यातायात को सुचारू किया जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के बड़े ढांचों की मजबूती की समय-समय पर जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

तेज आंधी से विशाल पेड़ सड़क पर गिरा आवागमन बाधित

वहीं तेज हवा के दौरान ही भैसामुंडा बनारस मार्ग में पेट्रोल पंप के पास एक विशाल आम का पेड़ टूट कर गिर गया,पेड़ गिरने पर एक पेट्रोल पंप कर्मी का बाइक पेड़ के नीचे दब गया और बाइक सवार घायल हो गया जिसे आसपास के लोगों ने तत्काल अस्पताल भेजा जहां घायल का उपचार जारी है इस दौरान इस मार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बारिश बंद होने के बाद सड़क पर गिरे पेड़ को किसी तरह हटवाकर आवागमन बहाल कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!