टाइगर रिजर्व के जंगल में हाथी के शावक का मिला शव,वन विभाग की गश्त पर उठे सवाल
सूरजपुर/ एक ओर प्रदेश में वन्यजीवों के संरक्षण और टाइगर रिजर्व की उपलब्धियों का बखान किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जंगल में हाथी के एक छोटे शावक का सड़ा-गला शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मोहरसोप-कछवारी मुख्य मार्ग के समीप जुड़वानिया लालमाटी जंगल में हाथी के करीब 2 से 3 वर्ष के शावक का शव मिला है। शव की स्थिति देखकर उसके दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, शावक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दो-तीन दिन तक जंगल में पड़ा रहा शव,गश्त पर सवाल
घटना ने जंगल में वन विभाग की निगरानी और नियमित गश्त की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है, वहां एक शावक का शव कई दिनों तक जंगल में पड़ा रहना विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। आखिर नियमित गश्त के बावजूद इसकी जानकारी समय पर क्यों नहीं मिल सकी?
कबरा कान हाथी के आतंक के बीच दूसरी चिंता
चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र पहले से ही कबरा कान वाले हाथी की गतिविधियों को लेकर चर्चा में है। इस हाथी के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं अब टाइगर रिजर्व के जंगल में हाथी के शावक की मौत ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक नई चिंता खड़ी कर दी है।
मौत की वजह सामने आना जरूरी
सबसे बड़ा सवाल यह है कि शावक की मौत बीमारी, भूख, प्राकृतिक कारण, किसी दुर्घटना या हाथियों के आपसी संघर्ष के चलते हुई है? क्या शव मिलने के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी जांच कराई गई है? साथ ही यह भी जांच का विषय है कि वन विभाग को घटना की जानकारी कब मिली और मौके पर पहुंचने में कितना समय लगा।
फिलहाल ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शावक की मौत का वास्तविक कारण सार्वजनिक करने और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि टाइगर रिजर्व प्रबंधन और वन विभाग इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारी तय करता है या मामला महज औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रह जाता है।
