रफ्तार बनी जानलेवा: जरही में ट्रेलर की टक्कर से कॉलरी कर्मी की मौत, एक गंभीर
सूरजपुर/जरही/:– नगर पंचायत जरही क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे अंबिकापुर–बनारस मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा देखने को मिला। भारत माता चौक के पास एक ट्रेलर के चपेट में आ कर कॉलरी कर्मी समित लाल (लगभग 55 वर्ष) की उपचार के दौरान मौत हो गई,जबकि पीछे बैठा उनका साथी गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक CG 10 BN 9910 सिंगरौली से माल खाली कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान बाइक क्रमांक CG 15 DE 2685 ट्रेलर की चपेट में आ गई। मृतक समित लाल शिवानी खदान में कार्यरत थे और अपने साथी के साथ जरही की ओर आ रहे थे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान समित लाल ने दम तोड़ दिया। दूसरे घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ट्रेलर चालक घटना के बाद फरार हो गया है,जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरही क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार लगातार हादसों को न्योता दे रही है। कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी,जिसे पुलिस ने समझाइश देकर नियंत्रित किया।
यह हादसा एक बार फिर यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो रफ्तार का यह खेल और कितनी जिंदगियां लील लेगा—यह चिंताजनक प्रश्न बना हुआ है।
