प्रतापपुर के सिलफिली गांव में पुलिया टूटी, आवागमन बाधित
स्कूली बच्चों से लेकर किसानों तक परेशान,वर्षों से टूटी पुलिया प्रशासनिक उदासीनता की शिकार

सरपंच सिलफिली
सूरजपुर/प्रतापपुर:– प्रतापपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम सिलफिली में कनकनगर डीएवी स्कूल पहुंच मार्ग पर स्थित पेंडार डबरा पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी है। पुलिया की जर्जर हालत के कारण गांव का प्रमुख संपर्क मार्ग बाधित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हर दिन इस रास्ते से गुजरना ग्रामीणों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है।
ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर जनदर्शन कार्यक्रम में आवेदन सौंपते हुए कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराया है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में पुलिया पर पानी भर जाने से गांव का बाहरी संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। ऐसे हालात में न मवेशियों को सुरक्षित ले जाया जा सकता है और न ही आम लोगों का आवागमन संभव हो पाता है।
टूटी पुलिया ने स्कूली बच्चों, किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए हर दिन खतरे से भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है, वहीं आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है।
ग्राम पंचायत सिलफिली की सरपंच अमृता मरकाम ने बताया कि पुलिया की खराब स्थिति से गांव की बड़ी आबादी प्रभावित है। ग्रामीण मजबूरी में जान जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
ग्रामीण जीवन मरकाम ने बताया कि टूटी पुलिया के कारण गन्ने की फसल को शक्कर फैक्ट्री तक पहुंचाना किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। वाहनों की आवाजाही बाधित होने से आर्थिक नुकसान बढ़ रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि विभागीय उदासीनता आखिर कब टूटेगी?
जिम्मेदार अधिकारी कब मौके पर पहुंचेंगे और कब तक ग्रामीणों की जान जोखिम में बनी रहेगी?
ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द संज्ञान लेकर इस ज्वलंत समस्या का स्थायी समाधान करेगा।
