oplus_131074
धरतीपारा की सरपंच सविता रामकुमार सिंह को जिला स्तर पर बड़ी उपलब्धि
मनरेगा में उत्कृष्ट कार्य पर कलेक्टर सूरजपुर ने किया सम्मानित
सूरजपुर/भैयाथान:– महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, पारदर्शी कार्यप्रणाली और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से विकास कार्यों को गति देने के लिए ग्राम पंचायत धरतीपारा की सरपंच सविता रामकुमार सिंह को कलेक्टर सूरजपुर एस. जयवर्धन के हाथों जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले की उपस्थिति में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान वर्ष 2024-25 में पंचायत स्तर पर किए गए उल्लेखनीय कार्यों की औपचारिक स्वीकृति के रूप में दिया गया।
कलेक्टर ने सम्मान समारोह के दौरान कहा कि धरतीपारा पंचायत ने मनरेगा के क्रियान्वयन में अनुशासन, पारदर्शिता और जनसहभागिता का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। पंचायत द्वारा कराए गए कार्यों से जहां ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला, वहीं गांव के बुनियादी ढांचे को भी मजबूती प्राप्त हुई है। उन्होंने सरपंच सविता रामकुमार सिंह के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
सम्मान से बढ़ा उत्साह, जिम्मेदारी और बढ़ी—सरपंच
यह उपलब्धि पूरे पंचायत परिवार की सामूहिक मेहनत का परिणाम सम्मान प्राप्त होने के बाद सरपंच सविता रामकुमार सिंह उत्साहित नजर आईं। उन्होंने कहा कि कलेक्टर के हाथों मिला यह सम्मान उन्हें और अधिक निष्ठा, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ गांव के विकास के लिए कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने इसे ग्राम पंचायत सदस्यों, कर्मचारियों और ग्रामीणों की संयुक्त मेहनत का प्रतिफल बताया। सरपंच ने यह भी कहा कि भविष्य में मनरेगा सहित सभी शासकीय योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ क्रियान्वित कर धरतीपारा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास जारी रहेगा।
ग्रामीणों में हर्ष, पंचायत की कार्यशैली को मिली पहचान
धरतीपारा बनी अन्य पंचायतों के लिए मिसाल
सरपंच के सम्मानित होने की खबर से ग्राम पंचायत धरतीपारा में खुशी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत की सक्रियता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से गांव में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सम्मान से पंचायत को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
