गौ विज्ञान परीक्षा प्रभारी शिक्षकों का प्रशिक्षण संकुल केन्द्र सिलफिली में सम्पन्न
बच्चों में संस्कार आधारित शिक्षा के प्रसार के व्यावहारिक पहलुओं पर विशेष जोर
सूरजपुर – गौ-संवर्धन की वैज्ञानिक उपयोगिता को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित गौ विज्ञान परीक्षा विद्यार्थियों में संस्कार, नैतिक मूल्य और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने का एक अभिनव प्रयास है। इसी कड़ी में परीक्षा के सुचारु एवं प्रभावी संचालन हेतु सूरजपुर विकासखण्ड के संकुल केन्द्र सिलफिली-1, सिलफिली-2, कैलाशपुर-1, कैलाशपुर-2, अजबनगर-1 और अजबनगर-2 के गौ विज्ञान परीक्षा प्रभारी शिक्षकों का प्रशिक्षण बुधवार को संकुल केन्द्र सिलफिली में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण का संचालन विकासखण्ड नोडल अधिकारी गौतम शर्मा एवं सहायक नोडल अधिकारी राधेश्याम साहू ने किया। इस अवसर पर शिक्षकों को गौ विज्ञान परीक्षा की आयोजन रूपरेखा, उद्देश्य, संस्था की भूमिका तथा विद्यालय एवं विद्यार्थियों के गौसेवा की वेबसाइट में पंजीयन प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों में संस्कार आधारित शिक्षा के प्रसार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास पर विशेष जोर दिया गया।
नोडल अधिकारियों ने कहा कि गौ विज्ञान परीक्षा केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि यह विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान, वैज्ञानिक सोच और सांस्कृतिक गौरव से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है।
प्रशिक्षण में सभी संकुल केन्द्रों से आये प्रभारी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और परीक्षा की महत्ता को विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का संकल्प लिया। इस सफल आयोजन में संकुल समन्वयक अमलचन्द दास, नवीन जाॅन,शिवप्रसाद खैरवार, निरंजन एक्का और घनश्याम राजवाड़े का विशेष योगदान रहा।
