स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर विकासखंड में लगेगा मेगा हेल्थ कैंप
सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा में CMHO डॉ. प्रशांत सिंह के सख्त निर्देश, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि पर जोर
सूरजपुर, 21 सितंबर 2026। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों, खंड कार्यक्रम प्रबंधकों और ब्लॉक डेटा मैनेजर की बैठक लेकर सेवा संकल्प अभियान सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की।
बैठक में सीएमएचओ ने स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन के साथ ही योजनाओं और अभियानों के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विकासखंडों में विशेष मेगा हेल्थ कैंप आयोजित करने को कहा। इन शिविरों में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
वहीं, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने और उनके वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
टीबी मरीजों की पहचान पर विशेष जोर
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लोगों का पंजीयन और स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए गए। उपलब्ध हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से मौके पर ही जांच कर संभावित टीबी मरीजों की पहचान और समय पर उपचार शुरू करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा आंगन का उत्सव गतिविधि के तहत ग्रामीणों को आंगनबाड़ी केंद्रों तक लाकर स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए। महिलाओं, बच्चों और गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परामर्श और उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया।
सभी विकासखंडों में होगा मेगा ब्लड डोनेशन कैंप
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे। लोगों को रक्तदान के महत्व और इसके लाभों के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने में मदद मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया गया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
