20260727_002001-COLLAGE

सूरजपुर पुलिस की बड़ी सफलता: प्रेम प्रसंग के शक में बालिका की हत्या करने वाला आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

सूरजपुर जिले में हुई बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी की पहचान ग्राम कुरवां निवासी रीतेश राजवाड़े के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी प्रेमिका राधिका राजवाड़े पर किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर धारदार चाकू से उसके गले पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल बालिका को पहले जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में, अजबनगर के आगे, उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने तत्काल जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार तलाश और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरजपुर के समीप पीढ़ा गांव से आरोपी रीतेश राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना में प्रयुक्त चाकू सहित अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, आरोपी की इतनी कम समय में गिरफ्तारी से यह स्पष्ट हुआ है कि सूरजपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तेजी और तत्परता के साथ कार्रवाई की।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद अन्य तथ्यों की भी जानकारी सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!