20260719_182739-COLLAGE

बारिश से जलमग्न हुआ पुराना अस्पताल परिसर, आयुष स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर तक पहुंचना हुआ मुश्किल

सूरजपुर/ लगातार हो रही बारिश के चलते शहर का पुराना अस्पताल परिसर,जहां वर्तमान में आयुष विभाग का स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर संचालित हो रहा है, पूरी तरह जलमग्न हो गया है। परिसर में जगह-जगह पानी भर जाने से मरीजों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरे परिसर में जलभराव की स्थिति बन गई है।

मरीजों को उपचार के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। कई स्थानों पर कीचड़ और फिसलन भी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

इसी परिसर में सी-मार्ट और पत्रकार भवन भी स्थित हैं। जलभराव के कारण यहां आने वाले लोगों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है,जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में इस परिसर में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों ने प्रशासन से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने और परिसर को जल्द जलमुक्त कराने की मांग की है, ताकि मरीजों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

फिलहाल बारिश के बीच जलभराव की यह स्थिति प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक सुनिश्चित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!