जिला जेल सूरजपुर में नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित, 50 बंदियों की हुई आंखों की जांच
सूरजपुर/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैंकरा के निर्देशन एवं सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम के मार्गदर्शन में जिला जेल सूरजपुर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सहायक नोडल अधिकारी (अंधत्व) मुकेश राजवाड़े एवं नेत्र सहायक अधिकारी मारुति नंदन चक्रधारी द्वारा कुल 50 बंदियों की आंखों की विस्तृत जांच की गई।
नेत्र परीक्षण के दौरान 7 बंदियों में मोतियाबिंद 1 बंदी में कॉर्नियल अल्सर 3 बंदियों में टेरिजियम (Pterygium) तथा 22 बंदियों में दृष्टिदोष (चश्मे की आवश्यकता) पाई गई। दृष्टिदोष वाले सभी पात्र बंदियों को शासन की योजना के अंतर्गत निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे जबकि मोतियाबिंद से पीड़ित बंदियों का जिला चिकित्सालय सूरजपुर में निःशुल्क ऑपरेशन** कराया जाएगा।
इस अवसर पर सहायक नोडल अधिकारी (अंधत्व) मुकेश राजवाड़े ने बंदियों को आंखों की नियमित देखभाल, स्वच्छता, संतुलित आहार, समय-समय पर नेत्र परीक्षण कराने तथा आंखों में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा एवं आवश्यक जानकारी प्रदान की।
शिविर के दौरान विक्रम गुप्ता सहा. जेल अधीक्षक डॉक्टर आर के गुप्ता आयुष चिकित्सा अधिकारी झिमन राम टोप्पो – मुख्य प्रहरी लोमन चक्रधारी प्रहरी भुनेश्वर सिंह राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर बंदियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
