टूटी बोतल से रिश्तेदार पर जानलेवा हमला, आंख के नीचे गंभीर चोट;
आरोपी को परिजनों ने कार की डिक्की में बांधकर पहुंचाया अस्पताल
सूरजपुर/ जिले के रामानुजनगर जनपद में आने वाले ग्राम मोरगा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही परिवार के सदस्य पर टूटी हुई शराब की बोतल से हमला कर दिया। हमले में घायल युवक की आंख के नीचे गंभीर चोट आई है, जिसका उपचार जिला अस्पताल सूरजपुर में जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मोरगा निवासी प्रदीप, जो शराब का आदी बताया जा रहा है, ने किसी बात को लेकर अपने ही रिश्तेदार पर अचानक टूटी हुई बोतल से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। परिजनों और स्थानीय लोगों की सूचना पर उसकी तलाश की गई और बाद में उसे सूरजपुर रेलवे ब्रिज के पास पकड़ लिया गया। इसके बाद परिजन उसे कार में बैठाकर जिला अस्पताल लाए।
जिला अस्पताल परिसर में उस समय अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली, जब आरोपी युवक कार की डिक्की में हाथ-पैर बंधे हुए मिला। बताया जा रहा है कि परिजनों ने किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उसे बांधकर अस्पताल लाया था।
परिजनों का कहना है कि आरोपी कुछ समय से असामान्य व्यवहार कर रहा था। उनका कहना है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई हो, हो सकता है जिससे वह अनियंत्रित हो गया था। हालांकि, उसकी मानसिक स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक चिकित्सीय पुष्टि नहीं हुई है।
गांव में इस घटना के बाद दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
—————————————————————-

